नयी दिल्ली 04 सितम्बर (वार्ता) भारत ने अमेरिका, जापान और आस्ट्रेलिया के साथ अपनी साझेदारी वाले क्वाड समूह को महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा है कि इस बार उसकी मेजबानी में होने वाले क्वाड सम्मेलन का कार्यक्रम अभी निर्धारित नहीं हुआ है। भारत ने रूस-यूक्रेन संघर्ष के जल्द समाधान तथा वहां स्थायी शांति की बहाली की भी उम्मीद जतायी है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में सवालों के जवाब में कहा कि भारत क्वाड को चार सदस्य देशों के बीच साझा हितों के मुद्दों पर चर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि क्वाड के शिखर सम्मेलन का कार्यक्रम सदस्य देशों के बीच राजनयिक परामर्श के आधार पर तय किया जाता है।
रूस-यूक्रेन संघर्ष के बारे में उन्होंने कहा कि भारत वहां शांति बहाली की दिशा में किये जाने वाले सभी प्रयासों का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि सभी पक्ष इस विषय पर रचनात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि भारत संघर्ष के जल्द से जल्द समाधान और वहां स्थायी शांति का पक्षधर है।
