
बड़वानी। मुस्लिम समाज ने पैगम्बर हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहों अलैय ही व सल्लम का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर भव्य जुलूस निकाला गया तथा दोपहर में इज्तेमाई शादी का आयोजन हुआ। जिसमें शहर सहित आसपास क्षेत्रों से पहुंचे दूल्हा-दुल्हन के निकाह हुए। शाम को हुए नज़र ए नबी विशाल लंगर में बड़ी संख्या में समाजजनों ने लंगर ग्रहण किया।
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पाला बाजार से प्रारंभ हुआ भव्य जुलूस प्रमुख मार्गों से होकर पाला बाजार पहुंचा। जहां मस्जिदों के ईमाम साहब मंच पर मौजूद रहे। ईमाम इमरान साबरी साहब ने कुरआन की तिलावत से प्रोग्राम का आगाज़ किया। अंत में सलाम पेश करने के बाद मौलाना जब्बार नूरी साहब ने मुल्क में अमन और तरक्की की दुआ की। फातेहा ख्वानी कर समाजजनों ने तबरूक बांटा। जुलूस मार्ग में चौक-चौराहों पर पुष्प और इत्र वर्षा कर जुलूस में शामिल समाजजनों का भव्य स्वागत किया गया। मस्जिदों के ईमाम साहब फूलों की लडिय़ों से सजी-धजी टे्रक्टर ट्रॉली में संवार थे। वहीं दो घोड़ों पर समाज के वरिष्ठ चल रहे थे। कार्यक्रम में सुन्नत मुस्लिम जमाअत व दारूल कज़ात सदर एडवोकेट कय्युम कुरेशी, नायब सदर एडवोकेट नुरूज्जमा शेख सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल थे। माजिद शेख ने सभी का आभार व्यक्त किया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन पूरा समय मुस्तैद नजर आया।
वहीं दूसरी ओर जश्न ए ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर पैगम्बर हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहों अलैय ही व सल्लम की सुन्नत पर अमल करते हुए शौकत एंड फरीद फ्रेंड्स सोशल गु्रप ने जरूरतमंदों को भोजन कराया। ग्रुप के मजहर शेख और सादिक पटेल ने बताया कि पैगम्बर साहब के जन्मदिन पर शुक्रवार को दीनदयाल रसोई केंद्र पर पहुंच जरूरतमंदों को भोजन कराया गया।
