
सीधी। ग्राम रोजगार सहायक संघ-मनरेगा, ग्राम रोजगार सहायक महासंघ, पंचायत सहायक सचिव, कर्मचारी संघ-संयुक्त संगठन मप्र द्वारा आज अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं श्रम विभाग के नाम से कलेक्टर सीधी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि मध्य प्रदेश में ग्राम रोजगार सहायकों के ऊपर अनैतिक रूप से हो रही कार्यवाहियों को तुरंत रोंका जाए एवं अन्य मांगों को पूर्ण किया जाए। चर्चा के दौरान जिला पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में ग्राम पंचायतों में वरिष्ठ कार्यालय व आला अधिकारियों द्वारा दबाव बनाकर केवल ग्राम रोजगार सहायकों को ही टारगेट किया जा रहा है। रोजगार सहायकों को पद से पृथक करना, मानदेय रोंकना व काटने जैसी कार्यवाहियां की जा रही हैं। जिसका त्वरित उदाहरण कटनी और रीवा जिले में ग्राम रोजगार सहायकों को पद से पृथक करने की हुई कार्यवाहियां हैं। जबकि पंचायत स्तरीय समस्त कार्यों एवं योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के जनपद पंचायत तक तकनीकी अमला एवं ग्राम पंचायतों में नियुक्त सभी कर्मचारी, निर्वाचित प्रतिनिधियों की बराबर की जवाबदेही होती है।
