
सीधी । जिले के रामडीह गांव के उल्टी-दस्त से पीड़ित एक ही परिवार के 5 बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक बच्चे की हालत गंभीर थी। बताया गया है कि सोमवार को एक ही परिवार के पांच बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। उन्हें लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद जिला अस्पताल सीधी के बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है। बीमार बच्चों में रूपा साकेत 8 वर्ष , निरु साकेत 3 वर्ष, गोरे साकेत 5 वर्ष और रामी साकेत 4 वर्ष शामिल हैं। परिजनों ने बताया कि रविवार रात सभी ने सामान्य खाना खाया था लेकिन सोमवार सुबह करीब 9 बजे से सभी को उल्टी-दस्त होने लगे। राहत न मिलने पर दोपहर 2 बजे एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। 108 एंबुलेंस चालक जितेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से एक बच्चे की हालत अन्य से अधिक गंभीर थी। जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल ने बताया कि फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति स्थिर है। फूड प्वाइजनिंग की आशंका पर कई जांचें कराई गई है।
