नीमच: जिले की जावद तहसील अंतर्गत रामनगर मोरवन क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां सियार के हमले के बाद एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक राजू पिता नरसिंह गरासिया मूल रूप से रामनगर मोरवन का निवासी था और राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के कुशालपुरा गांव में फेरी लगाकर कम्बल बेचने का काम करता था।बताया जा रहा है कि 21 फरवरी को एक पागल सियार ने पहले एक गाय पर हमला किया। इसी दौरान राजू बाहर निकला तो सियार ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राजू को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे समय पर रेबीज के टीके भी लगाए गए। इसके बावजूद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। आखिरकार इलाज के दौरान 20 तारीख की रात नीमच अस्पताल में उसकी मौत हो गई।वही अस्पताल प्रबंधन ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया, यह कहते हुए कि मृतक रेबीज से संक्रमित था और इससे संक्रमण फैलने का खतरा है। इसके बाद परिजनों को रेबीज की रिपोर्ट सौंपकर शव उन्हें दे दिया गया। वहीं परिजनों ने इस पूरे मामले में वन विभाग की लापरवाही बताते हुए आर्थिक सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सियार को पकड़ा जाता या क्षेत्र में सतर्कता बरती जाती तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।
