
ग्वालियर। शहर में गुरुवार को एक बड़ा ऑनलाइन धोखे का मामला सामने आया, साइबर अपराधियों ने ग्राहक के एकाउंट से 15 लाख से अधिक रुपए साफ कर दिए. साइबर अपराधियों ने ई-कॉमर्स कंपनी का ऑफिसर बनकर एक महिला के साथ बड़ी लूट को अंजाम दिया.
ई-कॉमर्स पोर्टल से सामान मंगवाकर रिटर्न कराना महिला को भारी पड़ा जब साइबर अपराधियों ने उसके एकाउंट से 15.50 लाख रुपए उड़ा दिए. एसएसपी ग्वालियर से पीड़िता की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है.
रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता का बेटा बेटा दुबई में रहता है. सितंबर के पहले सप्ताह में महिला को बेटे के पास जाना था. महिला ने पोते के लिए फ्लिपकार्ट से एक ड्रेस ऑर्डर किया. डिलीवरी के बाद प्रोडक्ट पसंद नहीं आया तो महिला ने प्रोडक्ट रिटर्न कर दिया, लेकिन पैसा रिफंड नहीं हुआ, तो महिला ने गूगल की मदद से कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च किया.
मामला हरिशंकरपुरम के चिनाव अपार्टमेंट का है. ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकार हुई महिला देश कंवर सिंह विधवा है. देश कंवर का बेटा दुबई स्थित एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है. बहू और पोता भी दुबई में हैं. महिला ने पोते के लिए ऑनलाइन ड्रेस खरीदी जो पसंद न आने पर वापस किया और रिफंड को लेकर पीड़िता ठगों की शिकार हो गई.
पीड़िता को गूगल पर ई-कॉमर्स कंपनी का कस्टमर केयर तलाश करना भारी पड़ा. गूगल पर मिला नंबर ऑनलाइन हैकर का था और हैकर ने खुद को ई-कॉमर्स कंपनी का ऑफिसर बताकर पीड़िता से फार्म भरवाए और फिर उसके अकाउंट से 3 बार में 15.50 लाख निकाल लिए.
पीड़िता को अपने साथ हुई ठगी का पता तब लगा जब उसके मोबाइल पर 2 लाख रुपए डेबिट का एसएमएस आया.अभी वह कुछ समझ पाती, तभी 10 लाख रुपए डेबिट मैसेज ने महिला का सिर चकरा गया. महिला कुछ समझ पाती कि उसके पास फिर 3.50 लाख रुपए डेबिट का मैसेज आ गया, जिसके बाद महिला ने बैंक फोन कर अकाउंट बंद कराया.
