
रीवा।रीवा जिले के त्योंथर में पदस्थ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी को धमकी भरा पत्र लिखकर 5 अरब की फिरौती मांगने वाला आरोपी यूपी प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया है. धमकी भरा पत्र मिलने के बाद पुलिस महकमे में हडकम्प मच गया. सोहागी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. पोस्ट आफिस के माध्यम से धमकी भरा पत्र मिला था जिसमें 5 अरब रूपये की फिरौती मांगी गई थी और पत्र लिखने वाले ने खुद को दस्यु सरगना हनुमान के गिरोह का साथी बताया था. पुलिस ने जब जांच शुरू की तो चौकाने वाला मामला सामने आया.
पत्र में संदीप सिंह के नाम का उल्लेख था जब पुलिस विवेचना के दौरान संदीप सिंह पिता छत्रपाल सिंह निवासी सुन्दरपुर लोहगरा थाना बारा जिला प्रयागराज यूपी पहुंची और संदीप को पकड़ कर कड़ाई से पूंछताछ की और उसकी हस्तलिपी ली, जिसका मिलान पत्र से कराया गया. साथ ही गांव वालो से भी राइटिंग की पहचान कराई गई. पूंछताछ के दौरान संदीप ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसका विवाद गांव के ही देवराज सिंह से हुआ था और उसी ने उसे फसाने के लिये ऐसा पत्र लिखा होगा. जिसके बाद पुलिस देवराज के तलाश में जुट गई.
विरोधी को फसाने रची साजिश
संदीप सिंह से विवाद होने के बाद आरोपी देवराज सिंह ने उसे फसाने के लिये एक गंभीर साजिश रची. धमकी भरा पत्र प्रयागराज के डाकघर से रजिस्ट्री की. पुलिस ने जब जानकारी जुटाई तो पता चला कि पत्र को आरएमएस डाकघर प्रयागराज से रजिस्ट्री किया गया है. जहा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में 28 अगस्त को देवराज पत्र रजिस्ट्री करते हुए देखा गया. आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूंछताछ की गई तो उसने बताया कि संदीप द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी. जिसके रिपोर्ट बारा थाना में की गई थी, लेकिन वह कार्यवाही से संतुष्ट नही था. जिस कारण बदला लेने के लिये साजिश रची और फिरौती मांगने का पत्र न्यायाधीश को पोस्ट किया. आरोपी देवराज सिंह पिता स्व0 रामदीन सिंह पटेल उम्र 74 वर्ष निवासी राजकोठी शंकरगढ़ यूपी प्रयागराज को गिरफ्तार कर सोहागी लाया गया.
