
भोपाल। शाहजहांनाबाद क्षेत्र में नगर निगम के सफाई दरोगा के साथ दो युवकों ने मारपीट कर दी। घायल कर्मचारी को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से नाराज कर्मचारी संगठन ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, संतोष टांक नगर निगम के वार्ड नंबर 10 में सफाई दरोगा के रूप में पदस्थ हैं। शनिवार को वे क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे थे, तभी मनीष नाम के युवक और उसके एक साथी ने सफाई व्यवस्था को लेकर उनसे विवाद कर लिया। देखते ही देखते दोनों ने संतोष को गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
घायल संतोष को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और शाहजहांनाबाद थाने में आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों पर हो रहे हमले गंभीर चिंता का विषय हैं। पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
