आसमान में चमका मध्यप्रदेश का गौरव: आतिशबाजी और ड्रोन शो से सजा अभ्युदय मध्यप्रदेश समारोह

भोपाल। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर शनिवार की रात राजधानी का लाल परेड ग्राउंड रंगों, रोशनी और संस्कृति की झिलमिलाहट से नहा उठा। आसमान में छाई आकर्षक आतिशबाजी और ड्रोन शो ने अभ्युदय मध्यप्रदेश समारोह को यादगार बना दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर इसके सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का थीम अभ्युदय मध्यप्रदेश प्रदेश के सर्वांगीण विकास की पहल रखा गया था, जिसमें प्रदेश की 70 वर्षों की विकास यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिवस प्रदेश की उपलब्धियों, मेहनतकश जनता की शक्ति और विकास के संकल्प का प्रतीक है।

लाल परेड ग्राउंड पर सजी मंच-सज्जा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। आतिशबाजी से आसमान चमक उठा तो ड्रोन शो में मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों, नदियों, त्योहारों और विकास कार्यों की झलक दिखाई गई।

इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सदस्य, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे। पूरा परिसर देशभक्ति और गर्व की भावना से सराबोर था।

समारोह के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अब नए युग के अभ्युदय की ओर अग्रसर है जहां विकास, संस्कृति और नवाचार एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।

Next Post

मध्यप्रदेश ने विकास के नए पैमाने गढ़े: सीएम डॉ.यादव

Sat Nov 1 , 2025
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गत दो वर्षों में प्रदेश ने विकास की नई ऊँचाइयाँ छुई हैं और कई ऐसे कार्य पूरे किए हैं जो पहले असंभव माने जाते थे। उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास दर 24 प्रतिशत तक पहुँची है तथा उद्योग स्थापना तेजी से हो […]

You May Like