इंदौर: पलासिया थाना क्षेत्र के विनोबा नगर स्थित एक वॉटर प्लांट में काम के दौरान एक युवक की अचानक मौत हो गई। युवक मूलरूप से महाराष्ट्र का रहने वाला था और महज एक दिन पहले ही उसने प्लांट में नौकरी शुरू की थी। डॉक्टरों ने शुरुआती तौर पर मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया है।
मृतक का नाम साजिद पिता शेख जफर (25), निवासी अकोला महाराष्ट्र है। वह फिलहाल इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में किराए से रह रहा था। प्लांट संचालक अंकित ने बताया कि दो दिन पहले वॉटर सप्लाई के दौरान साजिद मजदूर चौक पर मिला था, जहाँ से उसे काम के लिए साथ ले जाया गया था। साजिद ने खुद को अनुभवी ड्राइवर बताया था, जिसके बाद संचालक ने उसे नौकरी पर रख लिया।
अगले दिन साजिद काम पर पहुँचा। वह प्लांट में काम कर ही रहा था कि अचानक उसे घबराहट हुई और वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ा। साथ काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उसे तत्काल उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।पलासिया पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
