रियाद, 24 मार्च (वार्ता) सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अमेरिकी और रूसी प्रतिनिधिमंडलों के बीच वार्ता बंद प्रारूप में होगी।
अल अरबिया प्रसारक ने पुष्टि की है कि बातचीत शुरू हो चुकी है। रूसी प्रतिनिधिमंडल रिट्ज-कार्लटन होटल में बातचीत स्थल पर पहुंच गया है। सऊदी अरब के सुरक्षा अधिकारी पत्रकारों और अन्य लोगों से होटल छोड़ने और फोटो-वीडियो न बनाने को कह रहे हैं। पूरे होटल परिसर में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और इमारत में प्रवेश सख्त वर्जित है।
रूस के प्रतिनिधिमंडल रविवार को सऊदी अरब पहुंचा। बैठक में रूस का प्रतिनिधित्व रूसी उच्च सदन की विदेश मामलों की समिति के प्रमुख ग्रिगोरी करासिन और संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) के निदेशक के सलाहकार सर्गेई बेसेडा कर रहे हैं। यह वार्ता काले सागर में नौवहन सुरक्षा की पहल की बहाली पर आधारित है, जिस पर रूसी और अमेरिकी राष्ट्रपतियों के बीच चर्चा हुई थी।
