
सलामतपुर। भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 के बेरखेड़ी चौराहे पर एक ईंटों से भरा हुआ 407 आयशर वाहन सड़क के किनारे खड़ी हुई मोटरसाइकिल पर पलट गया। जिसकी वजह से ईंटों के ऊपर बैठे 4 लोगों में से 3 युवकों को गंभीर चोटें आ गईं। दो युवकों को स्थिति ज़्यादा खराब होने पर रेफर किया गया है। वो तो गनीमत रही कि मोटरसाइकिल पर कोई बैठा नही था वरना बड़ा हादसा होने की संभावना थी। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार एक 407 आयशर वाहन एमपी04 वाईजेड 2553 मुड़ियाखेड़ा गांव के भट्टे से ईंटें भरकर भानपुर भोपाल जा रहा था। रास्ते में बेरखेड़ी चौराहे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल पर पलट गया। आयशर वाहन में पीछे ईंटों के उपर चार युवक बेठे थे। वाहन पलटने से राजा रावत पिता लोकम सिंह रावत 21 निवासी पुरा घटेरा थाना ग्यारसपुर, संदीप कुशवाह पिता खुमान कुशवाह 22 निवासी मेलुआ चौराहा थाना कुरवाई और आकाश प्रजापति पिता काशीराम प्रजापति 26 निवासी भानपुर ब्रिज के पास भोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले बेरखेड़ी चौराहे स्थित निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। लेकिन स्तिथी बिगड़ने पर भोपाल रेफर किया है। वहीं सड़क से नीचे पलटे हुए वाहन को जेसीबी मशीन से सीधा किया गया। और सलामतपुर पुलिस ने 407 आयशर वाहन ज़ब्त कर जांच शुरू की है।
अवैध ईंटों के 407 वाहन में ईंटों के ऊपर बेठे थे 4 युवक–
हादसे में एक गंभीर लापरवाही सामने आई है कि ईंटों से भरे हुए 407 आयशर वाहन में पीछे ईंटों के ऊपर 4 युवक बेठे थे। वहीं हादसे में गंभीर घायल हुए हैं। और 407 का ड्रायवर मौके से फरार हो गया। हादसे में ट्रक के पलटते ही पूरे मार्ग पर ईंटे ही ईंटें नज़र आ रही थीं। मोटरसाइकिल भी ईंटों के नीचे दबने से छतिग्रस्त हो गई है।
तेज़ रफ़्तार ओवरलोड वाहनों से हो रहे हैं हादसे, यातायात विभाग नही करता कार्रवाई—
भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे 18 और नेशनल हाइवे 146 पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ओवरलोड डंपर, भूसे से भरे हर ट्रक और अन्य छोटे बड़े वाहन नियम विरुद्ध दौड़ रहे हैं। जिनका आरटीओ द्वारा कभी भी फिटनेस या परमिट चेक नहीं किया जाता है। इन ओवरलोड तेज़ रफ़्तार वाहनों के संचालकों द्वारा राहगीरों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। यहां गौर करने वाली बात यह है कि रायसेन आरटीओ प्रतिदिन सलामतपुर, दीवानगंज, त्रिमूर्ति चौराहा, सांची आदि जगहों पर चेकिंग कर रहे हैं। लेकिन उनको ये तेज़ रफ़्तार वाहन, लंबी दूरी की बसें और भोपाल विदिशा जाने वाली यात्री बसें नज़र नही आ रही हैं। जिसकी वजह से यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने कहा है कि अगर शीघ्र ही ऐसी वाहनों पर कार्रवाई नही की गई तो इस तरह की गंभीर दुर्घटनाएं होती रहेंगी।स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से भी मांग की है कि इन तेज़ रफ़्तार ओवरलोड भूसे के ट्रक, अवैध ईंटों के वाहन, बसों और कमर्शियल वाहनों पर नियंत्रण किया जाए। अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इनका कहना है।
बेरखेड़ी चौराहे के पास ईंटों से भरा हुआ 407 वाहन सड़क किनारे खड़ी हुई बाइक पर पलटकर नीचे खाई में लुढक गया। जिसमें ईंटों के ऊपर बेठे हुए 4 लोगों में से 3 युवक घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल रेफर किया गया है। 407 ज़ब्त कर मामले को जांच में लिया है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 और एनएच 146 पर तेज़ रफ़्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। शासन प्रशासन को इस और ध्यान देकर ऐसे वाहनो पर चालानी कार्रवाई करना चाहिए।
कैलाश गोस्वामी, समाजसेवी रातातलाई।
