
बालाघाट। गढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डुतला टोल प्लाजा पर 19 सितंबर की रात हुई डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। टोल मैनेजर वरुण प्रताप सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था कि ओवरलोड चार्ज को लेकर विवाद के बाद रंजीत साहू, मुकेश सैय्याम, सुदर्शन धुर्वे व संतोष धुर्वे ने टोल कर्मचारियों से गाली-गलौच कर अधूरा भुगतान किया। रात में रंजीत साहू करीब 11 साथियों संग लौटा और सभी ने लाठी-डंडों से हमला कर बूथों में तोड़फोड़, मारपीट कर ₹1,13,400 नगद व 2 मोबाइल लूट लिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर गठित टीम ने सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों की पहचान कर मुख्य साजिशकर्ता रंजीत साहू को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने मामला धारा 310(2) सहित अन्य धाराओं व नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के तहत दर्ज किया है।
