
मंदसौर। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग ने गांधीसागर बांध के बैकवॉटर क्षेत्र में होने वाले गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट के चौथे संस्करण की घोषणा की है, जो 12 सितम्बर से प्रारंभ होगा। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड और लल्लूजी एंड संस के सहयोग से आयोजित यह आयोजन लक्ज़री कैंपिंग, एडवेंचर टूरिज्म और सांस्कृतिक गतिविधियों का अद्वितीय संगम होगा।
पर्यटक यहां हॉट-एयर बलूनिंग, पैरामोटरिंग, कायाकिंग, जेट स्कीइंग और मोटर बोटिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों के साथ हिंगलाजगढ़ किले की हेरिटेज ट्रेल, गांधीसागर अभयारण्य की वन्यजीव सफारी और ग्रामीण जीवन के अनुभवों का आनंद ले सकेंगे।
विशेष आकर्षण के रूप में लगभग 2,500 वर्ग मीटर में फैला बटरफ्लाई गार्डन विकसित किया गया है, जिसमें 4,000 से अधिक पौधों के बीच 40 से ज्यादा तितली प्रजातियां दर्ज की गई हैं। इसके अलावा रॉक आर्ट इंटरप्रिटेशन ज़ोन और बायोडायवर्सिटी वॉक भी शामिल किए गए हैं।
पर्यटन मंत्री धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी ने इसे प्रदेश के इको-टूरिज्म को सशक्त बनाने की पहल बताया। वहीं, प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने इसे सतत पर्यटन का ऐसा मॉडल कहा, जो प्रकृति संरक्षण और स्थानीय रोज़गार को बढ़ावा देगा।
