इटारसी। समीपस्थ ग्राम जमानी में 1960 के दशक से निरंतर आयोजित हो रहा श्री गणेशोत्सव इस वर्ष भी कल 5 सितंबर, शुक्रवार को रात्रि 9:30 बजे से मनाया जाएगा। आयोजनकर्ता प्रभुदयाल दुबे ने बताया कि इस अवसर पर प्रसिद्ध कत्थक नृत्य कलाकार अमृत मिश्रा, वसुंधरा शर्मा और शिवानी पटेल अपनी प्रस्तुतियां देंगी। तबला संगत उदय शंकर मिश्रा व आनंद मिश्रा करेंगे, जबकि पं. विशाल मिश्रा (सागर) गायन और अनिश मिश्रा सारंगी पर संगत देंगे। आयोजन समिति ने बताया कि इस उत्सव की स्थापना स्व. पुरुषोत्तम लाल दुबे व अन्य ने की थी। 1960 में पहली गणेश वंदना मुस्लिम गायक उस्ताद आदिल खां ने की थी। अब तक अल्लारक्खा खां, किशन महाराज, विलायते खां, सितारा देवी और निर्मला देवी जैसे दिग्गज कलाकार यहां प्रस्तुतियां दे चुके हैं।
