सेवा क्षेत्र में अगस्त में 15 साल की सबसे बड़ी तेजी

मुंबई, 03 सितंबर (वार्ता) नये ऑर्डरों में बढ़ोतरी से देश के सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में अगस्त में माह-दर-माह आधार पर जून 2010 के बाद की सबसे बड़ी तेजी दर्ज की गयी।
मांग आने से सेवा क्षेत्र में नये ऑर्डर भी 15 साल में सबसे तेज रफ्तार से बढ़े और बुधवार को जारी एचएसबीसी इंडिया सेवा पीएमआई कारोबार गतिविधि सूचकांक जुलाई के 60.5 से बढ़कर अगस्त में 62.9 दर्ज किया गया। इसके अलावा विदेशों से आने वाली मांग भी तेजी से बढ़ी है।
नये ऑर्डरों में लगातार 49वें महीने तेजी रही है।
भारत में एचएसबीसी के मुख्य अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बिक्री में व्यापक विस्तार से कुल मांग मजबूत रही। इसके कारण सेवा क्षेत्र की भारतीय कंपनियों ने अतिरिक्त नौकरियां दीं। कंपनियों की लागत बढ़ी और उन्होंने अपनी सेवाओं के दाम बढ़ा दिये।
इससे पहले 01 सितंबर को विनिर्माण क्षेत्र के आंकड़े जारी किये गये थे। विनिर्माण पीएमआई 17 साल के उच्च्चतम स्तर 59.3 पर रहा था।
सेवा और विनिर्माण को मिलाकर संयुक्त पीएमआई अगस्त में 63.2 दर्ज किया गया है जो 17 साल का उच्चतम स्तर है।
पीएमआई का 50 से ऊपर रहना वृद्धि को और नीचे रहना गिरावट को दिखाता है। वहीं, 50 का स्तर स्थिरता दिखाता है। पीएमआई 50 से जितना ऊपर रहता है वृद्धि की रफ्तार उतनी ही अधिक मानी जाती है।

Next Post

सीतारमण ने की जीएसटी परिषद बैठक की अध्यक्षता

Wed Sep 3 , 2025
नयी दिल्ली 03 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को राजधानी में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद की 56वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी दिल्ली, गोवा, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, मेघालय और ओडिशा के मुख्यमंत्री; अरुणाचल […]

You May Like