
इंदौर. क्षिप्रा पुलिस ने महज तीन दिनों में हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को दबोच लिया. मामला ग्राम बरलाई जागीर का है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते 55 वर्षीय प्रकाश यादव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे मंगलवार देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
क्षिप्रा थाना प्रभारी कैलाश सोलंकी ने बताया कि 30 अगस्त की रात फरियादिया सीताबाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति प्रकाश यादव को आरोपी रामेश्वर यादव ने कहासुनी के दौरान सीने पर चाकू मार दिया. गंभीर रूप से घायल प्रकाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण यांगचेन डोलकर भूटिया, एएसपी रूपेश द्विवेदी और एसडीओपी सांवेर प्रशांत भदौरिया के निर्देशन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई. लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी का पता लगाया. 2 सितंबर को साइबर सेल व सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी रामेश्वर को पकड़ लिया. उसके कब्जे से हत्या में प्रयोग किया चाकू भी बरामद कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते प्रकाश उससे सुलह की बात करने आया था. जाने के लिए कहने पर भी जब वह नहीं माना तो गुस्से में आकर उसने वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया.
