इंस्टाग्राम पर हसीना बनकर व्यापारी को फंसाया, ऐंठे 17 लाख

भैरुंदा। इंस्टाग्राम पर एक खूबसूरत लड़की की प्रोफाइल देखकर दोस्ती करने वाले व्यापारी को अंदाजा भी नहीं था कि दूसरी तरफ कोई युवती नहीं बल्कि ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में डूबा एक युवक बैठा है. डेढ़ साल तक चली इस डिजिटल आरोपी ने ब्लैकमेलिंग और धमकियों के जरिए करीब 17 लाख रुपये ऐंठ लिए. आखिरकार पीडि़त ने पुलिस की शरण ली तो पूरे खेल का पर्दाफाश हो गया.

जानकारी के अनुसार भैरुंदा के सुदामापुरी निवासी व्यापारी तनय खंडेलवाल को इंस्टाग्राम पर एक लड़की के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली. बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे आरोपी ने विश्वास जीत लिया. इसके बाद चैटिंग और निजी बातचीत का सहारा लेकर व्यापारी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. बदनामी का डर दिखाकर आरोपी लगातार रुपये वसूलता रहा. जांच में सामने आया कि आरोपी 19 वर्षीय संजय मीना निवासी हासलपुर, जिला नर्मदापुरम ऑनलाइन गेम में भारी रकम हार चुका था और कर्ज में डूब गया था. कर्ज चुकाने के लिए उसने सोशल मीडिया पर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को फंसाने का रास्ता चुना. पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर गठित विशेष टीम और साइबर सेल ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी संजय मीना तक पहुंच बनाई. हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पूरा अपराध कबूल कर लिया.

पुलिस ने आरोपी संजय मीना के कब्जे से 7 लाख रुपये नकद, आईफोन-17 प्रो सहित दो महंगे मोबाइल, तथा उसके बैंक खाते में जमा 2.15 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं. कुल मिलाकर करीब 11 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है. पुलिस अब शेष राशि के संबंध में पूछताछ कर रही है.

 

 

Next Post

अस्पताल में नहीं मिला जीवन रक्षक इंजेक्शन, बेबस पिता ने परिवार संग सड़क पर किया चक्काजाम

Tue Jun 23 , 2026
सीहोर। जिला अस्पताल में जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता को लेकर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारी से पीडि़त दो बच्चों को पिछले 21 दिनों से आवश्यक इंजेक्शन नहीं मिलने पर उनके पिता को पूरे परिवार के साथ जिला […]

You May Like