बेंगलुरु, 02 सितंबर (वार्ता) एनटीटी डेटा महिला टी20 दृष्टिबाधित क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 के दूसरे दिन बारिश के कारण हुई देरी के बावजूद रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट संघ (सीएबीआई) द्वारा दिव्यांगों के लिए समर्थनम ट्रस्ट के साथ मिलकर आयोजित और एनटीटी डेटा द्वारा समर्थित, इस टूर्नामेंट में नवंबर 2025 में नई दिल्ली, काठमांडू और बेंगलुरु में होने वाले पहले महिला टी20 दृष्टिबाधित विश्व कप के लिए भारत की शीर्ष 16 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
दूसरे दिन के मुख्य अंश: शिवानी के 35 गेंदों पर बनाए गए शानदार 56 रनों की बदौलत इंडिया येलो ने 141/5 का स्कोर बनाया। इंडिया ब्लू ने सलोनी (38) और अन्नू शर्मा (38) के दम पर वापसी की, लेकिन 11 रन से चूक गई। शिवानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इंडिया ऑरेंज ने इंडिया रेड को 112/7 पर रोक दिया और आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। बसंती हंसदा (59) और मुस्कान गोचर (35*) ने नाबाद साझेदारी करते हुए 10 विकेट से जीत हासिल की। बसंती को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इंडिया रेड बनाम इंडिया येलो और इंडिया ब्लू बनाम इंडिया ऑरेंज। शीर्ष दो टीमें 4 सितंबर को होने वाले फाइनल में पहुंचेंगी। क्रिकेट के अलावा, यह पहल खिलाड़ियों को जीवन कौशल, डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता, वजीफा और उच्च शिक्षा सहायता प्रदान करती है-जिससे अगली पीढ़ी की महिला दृष्टिबाधित क्रिकेटरों को सशक्त बनाया जा सके।

