
अशोकनगर। जिले में पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम पर धमकाने का मामला सामने आया है। यह धमकी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पति द्वारा महिला एवं बाल विकास की पर्यवेक्षक को दी गई है। वहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पति द्वारा धमकी मिलने के बाद पर्यवेक्षक द्वारा इसकी शिकायत थाने में की गई। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
दरअसल कलेक्टर आदित्य सिंह द्वारा लगातार आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है,और कार्यकर्ताओं और सहायिकाओ को समय पर उपस्थित होने के लिए निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी संबंध में महिला बाल विकास विभाग की सेक्टर पर्यवेक्षक बरखेड़ा गौड़ रीना रघुवंशी ने आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुल रहे हैं अथवा नहीं खुल रहे इस संबंध में उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप पर कॉल किया तो 11 में से 9 आंगनबाड़ी केंद्र खुले पाए गए जबकि दो आंगनबाड़ी केंद्र बंद पाए गए । जब पर्यवेक्षक ने आंगनबाड़ी केंद्र औरंगा बेरखेड़ी की कार्यकर्ता ज्योति रघुवंशी को कॉल किया और समय पर आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की बात कही तो कार्यकर्ता ज्योति रघुवंशी के पति राजकुमार रघुवंशी ने खुले तौर पर महिला बाल विकास विभाग पर्यवेक्षक को धमकी दे डाली और कहा की अगर आगे से ज्योति रघुवंशी को कॉल किया तो ठीक नहीं होगा। इसके साथ कार्यकर्ता के पति ने खुद को पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का PA बताने के साथ ही आईजी-डीआईजी को अपने फोटो बताने की बात कही। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पति से धमकी मिलने के बाद महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक रीना रघुवंशी द्वारा इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को बताई गई उसके बाद नईसराय थाने में आवेदन दिया गया।आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज किया है।
