छतरपुर। देरी रोड स्थित सूर्य कॉलोनी में गणेश उत्सव का आयोजन सात वर्षों से निरंतर परंपरा बन चुका है। वर्ष 2017 से शुरू हुई इस पहल को कॉलोनीवासी सामूहिक सहयोग और चंदे की राशि से हर साल श्रद्धा और उत्साह के साथ निभा रहे हैं।
गणेश चतुर्थी पर विधि-विधान से भगवान गणेश की स्थापना की जाती है। इस दौरान श्रद्धालु एकत्र होकर पूजन-अर्चन करते हैं और प्रतिदिन सुबह-शाम आरती का आयोजन होता है। पूरे आयोजन में स्थानीय लोगों की सहभागिता उल्लेखनीय रहती है।
इस वर्ष भी उत्सव को खास बनाने के लिए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम और भजन संध्या आयोजित की गई। कॉलोनी के बच्चों और युवाओं ने नृत्य, गीत और धार्मिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं शाम को भजन मंडली ने संगीतमय भजनों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन में इस वर्ष आयुष सैनी, शंकर शर्मा, आर्यन्स दांगी, आर्यन सैनी, आनंद चतुर्वेदी, सुमित पाठक, राजकुमार पाठक, प्रसू सिंह सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस धार्मिक आयोजन से न केवल समाज में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का संचार होता है, बल्कि आपसी भाईचारा और सहयोग की भावना भी और अधिक मजबूत होती है।
