कल से राशन दुकानों पर तालेबंदी की चेतावनी, कलेक्टर से मिले, कमीशन 90 से बढ़ाकर 200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग

ग्वालियर: पीडीएस दुकानदारों ने कमीशन बढ़ाने और जुलाई-अगस्त का बकाया कमीशन भुगतान करने की मांग को लेकर कल 1 अक्टूबर से राशन वितरण बंद करने का अल्टीमेटम दिया है। दुकानदारों के इस ऐलान से 3 अक्टूबर से शुरू होने वाले अक्टूबर माह के राशन वितरण पर संकट के आसार बन गए हैं। हालांकि खाद्य विभाग ने सभी पीडीएस दुकानों पर अक्टूबर का राशन कोटा पहुंचा दिया है।
कमीशन बढ़ाने की मांग
सोमवार को एमपी राशन विक्रेता संघ ने जिला मुख्यालय पर ज्ञापन सौंपा। संघ पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन दिया। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में शहरी क्षेत्र में पीडीएस दुकानदारों को 90 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है, जबकि वे इसे बढ़ाकर 200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं।
दूसरे राज्यों में ज्यादा कमीशन का हवाला
उनका दावा है कि बिहार, केरल, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में दुकानदारों को 200 रुपये या उससे अधिक कमीशन मिलता है। संघ की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राशिद खान और विक्की शर्मा ने बताया कि एक अक्टूबर तक जुलाई-अगस्त का लंबित कमीशन जारी करने और कमीशन बढ़ाने की मांग की गई है। मांग पूरी नहीं होने पर अक्टूबर का राशन वितरित नहीं करने की चेतावनी दी गई है। इससे त्योहारों से पहले उपभोक्ताओं को राशन मिलने में परेशानी बढ़ सकती है।
खुद के खर्च से चलाना पड़ रही दुकान
राशन विक्रेताओं के अनुसार कमीशन में दुकान का किराया, सेल्समैन और तुलाई करने वाले कर्मचारी का भुगतान समेत अन्य खर्च पूरे करने पड़ते हैं। उनका कहना है कि मौजूदा कमीशन में खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है और कई दुकानदारों को अपनी जेब से राशि लगाकर दुकानें संचालित करनी पड़ रही हैं।

Next Post

अरब सागर में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ₹3,000 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त

Wed Sep 30 , 2026
नई दिल्ली, 29 सितंबर 2026: भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अरब सागर में एक बड़ी ड्रग्स तस्करी की कोशिश को नाकाम किया है। लक्षद्वीप के पश्चिम में की गई इस कार्रवाई में करीब 526 किलोग्राम हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त किया गया है, […]

You May Like