अरब सागर में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ₹3,000 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त

नई दिल्ली, 29 सितंबर 2026: भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अरब सागर में एक बड़ी ड्रग्स तस्करी की कोशिश को नाकाम किया है। लक्षद्वीप के पश्चिम में की गई इस कार्रवाई में करीब 526 किलोग्राम हेरोइन और मेथामफेटामाइन जब्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई 25 सितंबर को की गई। खुफिया इनपुट के आधार पर भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्र और हवा से संदिग्ध ईरानी धौ की निगरानी शुरू की। लगातार ट्रैकिंग के बाद तटरक्षक बल ने पोत का पीछा किया और उसे रोककर तलाशी ली।

कार्रवाई के दौरान पोत पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ा गया। बरामद मादक पदार्थों के साथ पोत और उसके चालक दल को सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुंबई लाया गया है।

मुंबई में संबंधित एजेंसियों की ओर से संयुक्त पूछताछ की जा रही है। साथ ही, मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से संभावित कनेक्शन की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भारतीय तटरक्षक बल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कमांडेंट अमित उनियाल के अनुसार, यह कार्रवाई समुद्री क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एजेंसियों के समन्वित अभियान को दर्शाती है।

Next Post

2004 की कैबिनेट बैठक से जगी थी उम्मीद

Wed Sep 30 , 2026
सिंगरौली :वर्ष 2004 में तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती की कैबिनेट बैठक से विकास की जगी उम्मीद दो दशक बाद भी अधूरी है। लिंक कोर्ट बंद होने से किसानों को 60 किलोमीटर तक तहसील की दौड़ लगानी पड़ रही है। वहीं तहसील भवन निर्माणाधीन है और 2005 से गोपद सिचाई उद्वहन […]

You May Like