इंदौर:कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा के पत्रों के निराकरण एवं अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने अधिकारियों को आमजन से संबंधित समस्याओं के त्वरित एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए. उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में ऐसी व्यवस्था बनायी रखी जाए, जिससे कि किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद मिलती रहें.
बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, अभियान तथा शासन के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई. बैठक में नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा, स्मार्ट सिटी परियोजना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांक सिंह, अपर कलेक्टर गौरव बैनल, जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.पी. अहिरवार, अपर कलेक्टर रोशन राय, रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों से कहा कि आरआरसी वसूली की रफ्तार और बढ़ाई जाए. सभी विभाग अपने लक्ष्य समय पर पूर्ण करें. इस कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी. कृषि संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अभियान मोड में किया जाए. जिले के प्रत्येक किसान की रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण होनी चाहिए, ताकि कोई भी किसान शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहे. बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आमजन और किसानों से जुड़े सभी कार्यों को गंभीरता और जिम्मेदारी से करें. प्रत्येक अधिकारी समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर जनता को राहत पहुँचाए.
खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर ने अधिकारियों को कहा कि किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. खाद की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अमानक खाद बेचने वालों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए. किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ अस्वीकार्य है
