मुंबई, 01 सितंबर (वार्ता) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को बताया कि 2000 रुपये के 98.33 प्रतिशत बैंक नोट उसके पास वापस आ चुके हैं और अब सिर्फ 5,956 करोड़ रुपये मूल्य के दो करोड़ 97 लाख 80 हजार नोट सर्कुलेशन में हैं।
केंद्रीय बैंक ने 19 मई 2023 को 2000 रुपये के बैंक नोटों को सर्कुलेशन से हटाने की घोषणा की थी। उस समय 3.56 लाख करोड़ मूल्य के ये नोट सर्कुलेशन में थे। उसने बताया कि 31 अगस्त 2025 को यह आंकड़ा घटकर 5,956 करोड़ रुपये रह गया। इस प्रकार 2000 रुपये के 98.33 प्रतिशत बैंक नोट उसके पास वापस आ गये हैं।
उल्लेखनीय है कि 1000 रुपये और 500 रुपये के नोटों को 2016 में रातों-रात बंद कर देने के बाद तंत्र में नकदी की जरूरत पूरी करने के लिए 2000 रुपये के नोट जारी किये गये थे।
आरबीआई ने 19 मई 2023 में इन्हें वापस लेने की घोषणा की थी। आम लोगों के लिए इन नोटों को बैंकों में जमा कराने की अंतिम तारीख 07 अक्टूबर 2023 थी। उसके बाद 09 अक्टूबर 2023 से केंद्रीय बैंक के 19 इशू कार्यालयों पर इसे लोग अपने बैंक खातों में जमा करवा रहे हैं। लोग भारतीय डाक के माध्यम से भी इन नोटों को आरबीआई के इशू कार्यालयों पर भेज कर अपने बैंक खातों में जमा करा रहे हैं।
आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि 2000 रुपये के नोट अब भी पूरी तरह वैध हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल लेन देन के लिए नहीं किया जा सकता है।
