विशाखापट्टनम, (वार्ता) प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 में यू मुम्बा के कप्तान सुनील कुमार ने टाई-ब्रेक प्रारुप की सराहना करते हुए कहा कि यह आपके धैर्य की परीक्षा लेते हैं, और वही हमें जीत तक ले गया।
यू मुम्बा ने अपने अभियान की शुरुआत रोमांचक जीत के साथ की। गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुकाबला 29-29 की बराबरी पर खत्म हुआ, जिसके बाद टाई-ब्रेकर में यू मुम्बा ने 6-5 से बाजी मारी। विश्वनाध स्पोर्ट्स क्लब में हुआ यह मैच सीजन के शुरुआती तीन मुकाबलों में दूसरी बार नए टाई-ब्रेकर नियम तक पहुंचा, जिसने दर्शकों को आखिरी रेड तक रोमांचित रखा।
कप्तान सुनील कुमार ने टाई-ब्रेकर प्रारुप की सराहना करते हुए इसे रोमांचक और स्वागत योग्य बदलाव बताया। सुनील ने मैच के बाद कहा, “टाई-ब्रेकर में सबसे जरूरी है शांत रहना। ऐसे पलों में आपको अपनी प्रवृत्ति पर भरोसा करना होता है और दिमाग से खेलना होता है। वही धैर्य हमें आज जीत तक ले गया।”
गुजरात के स्टार डिफेंडर मोहम्मदरेज़ा शादलुई के साथ टाई-ब्रेकर में हुए अहम पल पर सुनील ने कहा, “वह बेहद तीखा मुकाबला था। उन्होंने मुझसे अंक लेने की कोशिश की, लेकिन ऐसे मौकों पर अनुभव काम आता है। ऐसे मैच दिखाते हैं कि कैसे मामूली अंतर से नतीजा तय होता है।”
टीम के पहले मैच में मिली कड़ी जीत को अहम बताते हुए सुनील ने कहा, “टाई-ब्रेकर में ओपनिंग मैच जीतना टीम में विश्वास जगाता है। यह हमारी टीम की ताकत और एकता को दर्शाता है और हमें लंबे सीजन के लिए आत्मविश्वास देता है। लीग अभी शुरू हुई है, लेकिन यह जीत हमारे लिए सही लय सेट करती है।”
