
इंदौर। शहर में 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल ने पुलिस स्मृति दिवस पर वीर जवानों को नमन करते हुए शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि दी और परेड का आयोजन किया। कार्यक्रम में अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने शहीदों को सलामी दी और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।
21 अक्टूबर को पूरे देश में कर्तव्य पथ पर शहीद हुए पुलिस जवानों की याद में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दिन की यादगार 21 अक्टूबर 1959 से है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग पहाड़ियों पर चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 11 वीर जवान शहीद हुए थे।
इंदौर में 15वीं वाहिनी, महेश गार्ड लाइन में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2024-25 के दौरान देशभर में शहीद हुए कुल 191 जवानों के नामों का वाचन किया गया, जिनमें मध्यप्रदेश पुलिस के 11 वीर सपूत भी शामिल हैं। नामों का वाचन समाप्त होने के बाद प्रथम वाहिनी, 15वीं वाहिनी, आरएपीटीसी और होमगार्ड के प्लाटून ने परेड कर शहीदों को सलामी दी।
कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक ग्रामीण अनुराग, पुलिस महानिरीक्षक विसबल चंद्रशेखर सोलंकी, अति. पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर, पुलिस उप महानिरीक्षक ग्रामीण और नारकोटिक्स सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किया और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने कहा, “हमारे शहीद साथियों ने अपने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके साहस, निष्ठा और देशभक्ति को हम नमन करते हैं।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने भी भाग लिया और शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
