
पिपरिया। पुलिस ने एक बड़े शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर 6 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में आरोपी सुरेंद्र कुशवाहा (25), निवासी जनकपुर थाना बरेली, जिला रायसेन को पकड़ा गया। 30 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर शोभापुर रोड टोल टैक्स के पास से आरोपी को पकड़ने की कोशिश की गई। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर दबोच लिया। पूछताछ में उसने पिपरिया, बरेली, सोहागपुर, गाडरवारा और बाड़ी से बाइकें चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर एचएफ डीलक्स, डिस्कवर, टीवीएस, प्लेटिना और सुजुकी स्लिंग शॉट सहित पांच अन्य बाइकें बरामद की गईं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।
