सात्विक-चिराग की जोड़ी जीता कांस्य पदक

पेरिस 31 अगस्त (वार्ता) भारतीय बैडमिंटन जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल सेमीफाइनल में हारने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

शनिवार को एक घंटे सात मिनट तक चले मुकाबले में नौवीं वरीयता प्राप्त सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को चीन के चेन बोयांग और लियू यी ने 19-21, 21-18,12-21 से हराया।

विश्व चैंपियनशिप में सात्विक-चिराग की जोड़ी का यह दूसरा कांस्य पदक है। इससे पहले सात्विक-चिराग ने टोक्यो में 2022 में हुई बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीता था।

भारतीय जोड़ी ने मैच की अच्छी शुरुआत की और 4-0 की बढ़त बना ली। मिड-गेम ब्रेक तक 11-5 की बढ़त बनाए रखी। लेकिन इसके बाद चीनी जोड़ी ने वापसी की और 14-13 की बढ़त हासिल कर ली और इस बढ़त को बरकरार रखते हुए पहला गेम जीत लिया।

दूसरे गेम में, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने 5-1 की बढ़त हासिल की, लेकिन चीनी जोड़ी ने इसे 11-9 कर दिया। लेकिन एक बार फिर सात्विक और चिराग ने अपनी पकड़ को मजबूत किया और 16-11 से बढ़त बना ली। इसके बाद चेन बोयांग और लियू यी ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर कर दिया, लेकिन 32 शॉट की रोमांचक रैली ने सात्विक-चिराग को गेम प्वाइंट दिलाया और मैच को निर्णायक तक पहुंचाया।

निर्णायक मुकाबले में, चेन बोयांग और लियू यी ने वापसी करते हुए 9-0 की बड़ी बढ़त बना ली और भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। इसी के साथ टूर्नामेंट में भारत का अभियान समाप्त हो गया।

Next Post

द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की भारत और चीन ने

Sun Aug 31 , 2025
तियांजिन/नयी दिल्ली 31 अगस्त (वार्ता) भारत और चीन ने बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने पर सहमति व्यक्त करते हुए ग्लोबल साउथ के दो बड़े और महत्वपूर्ण देश होने के नाते अपने लोगों के तथा विकासशील देशोंं के हितों की रक्षा करने की दिशा में काम […]

You May Like