मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज ग्वालियर व मुरैना जिले के व्यस्त प्रवास पर

ग्वालियर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 31 अगस्त को ग्वालियर व मुरैना जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री वायुमार्ग द्वारा राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुँचेंगे। मुरैना प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव विभिन्न विकास कार्यों की सौगातें देंगे। इसके बाद ग्वालियर पहुँचकर अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही ठाठीपुर चौराहे के समीप गणेश पण्डाल में पहुँचकर भगवान श्रीगणेश की आरती करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज 31 अगस्त को ग्वालियर विमानतल से हैलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर मुरैना जिले के औद्योगिक क्षेत्र ग्राम पिपरसेवा स्थित हैलीपेड पहुँचेंगे और यहाँ औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग द्वारा शनिश्चरा मंदिर पहुँचकर प्रदेश की खुशहाली के लिये पूर्जा-अर्चना करेंगे।

इसी क्रम में पिपरसेवा हैलीपेड से हैलीकॉप्टर द्वारा पोरसा पहुँचेंगे और सड़क मार्ग द्वारा रवाना होकर ग्राम ओरेठी में स्थित आसमानी माता मंदिर जायेंगे। इसी कड़ी में ग्राम रजौदा में सांदीपनि स्कूल भवन का लोकार्पण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस कार्यक्रम के पश्चात पोरसा से हैलीकॉप्टर द्वारा अम्बाह पहुँचेंगे और वहाँ पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुरैना जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद हैलीकॉप्टर द्वारा अपरान्ह 4.30 बजे वापस राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुँचेंगे। मुख्यमंत्री यहाँ से सड़क मार्ग द्वारा रवाना होकर जीवाजी विश्वविद्यालय स्थित अटल सभागार में पहुँचकर अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस कार्यक्रम के बाद ठाठीपुर चौराहा दशहरा मैदान स्थित गणेश पण्डाल में पहुँचेंगे और भगवान श्रीगणेश जी की आरती में शामिल होंगे। ग्वालियर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव सायंकाल 6.35 बजे विमानतल पहुँचकर विमान द्वारा भोपाल के लिये प्रस्थान करेंगे।

Next Post

वीवीआईपी मूवमेंट : आज बदली बदली रहेगी ग्वालियर की ट्रैफिक व्यवस्था

Sun Aug 31 , 2025
ग्वालियर:आज 31अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री मोहन यादव के ग्वालियर भ्रमण कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाये रखने के लिये यातायात को डायवर्ड किया गया है। सुव्यवस्थित यातायात हेतु वैकल्पिक मार्ग डायवर्सन प्लान निम्नानुसार है:- * व्हीव्हीआईपी भ्रमण के दौरान सभी प्रकार के भारी वाहनो […]

You May Like