इंदौर:तीन इमली बस स्टैंड से घर जाने के लिए रिक्शा कर रहे एक युवक के साथ सोमवार रात लूट की वारदात हो गई. रिक्शा चालक और उसके साथ बैठे बदमाश ने सुनसान इलाके में ले जाकर सवारी पर हमला किया, मारपीट की और पर्स छीन लिया. युवक की सूझबूझ और चीख-पुकार से ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि रिक्शा चालक रिक्शा वहीं छोड़कर भाग निकला.
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने रात करीब 9.15 बजे तीन इमली से फूटीकोठी जाने के लिए रिक्शा किया था. रिक्शा में पहले से एक व्यक्ति बैठा था, जिसे चालक ने अपना साथी नहीं बताया. रास्ते में अचानक चालक रिक्शा को सुनसान इलाके की तरफ मोड़ने लगा. विरोध करने पर उसने गति बढ़ा दी और कहा कि दूसरा व्यक्ति बिलावली गांव के खेत में चौकीदारी करता है, उसे वहीं उतारकर आगे छोड़ देंगे.
पीड़ित को शक हुआ और उसने बीच में उतारने को कहा, लेकिन चालक नहीं रुका. बिलावली गांव के सुनसान क्षेत्र में दोनों ने पर्स छीनने की कोशिश की और मारपीट कर करीब 5 हजार रुपए वाला पर्स छीन लिया. युवक ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण भागते हुए मौके पर पहुंचे. इससे घबराकर रिक्शा चालक रिक्शा छोड़कर भाग निकला, जबकि दूसरा आरोपी ग्रामीणों के हाथ लग गया, जिसने अपना नाम सुरेश बताया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. रिक्शा नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश जारी है
