जबलपुर: जबलपुर में कुछ दिनों पहले उद्घाटित हो चुके 1232 करोड़ की लागत से बने मध्यप्रदेश के सबसे लंबे फ्लाई ओवर ब्रिज की खूबसूरती पर शहर के कुछ लोग दाग लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। आलम ये है कि वीरांगना रानी दुर्गावती फ्लाई ओवर ब्रिज की डिवाइडर पर जहां पान-गुटखे के थूक के निशान स्पष्ट देखे जा रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ शराब की बोतलें व गंदगी ब्रिज के ऊपर देखी जा रही हैै। इसके पहले भी ब्रिज पर शराब की खाली बोतलें मिल चुकीं हैं।
इसी गंदगी को दूर करने का जिम्मा गोलबाजार की सुप्रभातम संस्था ने उठाया और शनिवार सुबह ही करीब 10 लोग हाथों में पानी की कुप्पी, झाड़ू, बोरी लेकर फ्लाई ओवर ब्रिज के ऊपर पहुंचे। यहां उन्होंने श्रमदान किया और फ्लाई ओवर में पसरी गंदगी को हटाया। साथ ही डिवाइडर में पान, गुटखे के निशान को धोकर साफ भी किया।
सामाजिक संस्था के जागरूक आए सामने
इस संबंध में सुप्रभातम संस्था के पदाधिकारियों ने नवभारत से कहा कि शनिवार को जब वे फ्लाई ओवर ब्रिज पर पहुंचे तो उन्हें शराब की खाली पड़ी बोतल व गंदगी देखने मिली। जिससे स्पष्ट था कि रात के वक्त सबसे सुंदर फ्लाई ओवर ब्रिज के ऊपर शराबखोरी हुई और शराब के शौकीन लोग गंदगी फैलाकर रफूचक्कर हो गए। ये शराब खोरी ने पुलिस की फ्लाई ओवर ब्रिज पर गश्त पर भी सवाल खड़ा किया क्योंकि अगर पुलिस गश्त मुस्तैद होती तो शराबियों के हौंसने इतने बुलंद नहीं हो पाते।
पुलिस गश्त बढ़ाने की उठीं आवाजें
गौरतलब है कि वीरांगना रानी दुर्गावती फ्लाई ओवर ब्रिज पर कभी डांस करके, कभी ऊंट तो कभी खरगोश बनकर, तो कभी ब्रिज के ऊ पर डांस करते हुए रील बनाई जा रही थी। इस पर नोटिस थमाने की कार्रवाई तो पुलिस ने करनी शुरू कर दी है लेकिन अब शहर के जागरूक लोगों की मांग है कि फ्लाई ओवर ब्रिज पर रात के वक्त गश्त और बढ़ाई जाए जिससे फ्लाई ओवर ब्रिज की खूबसूरती पर दाग लगाने वालों पर शिकंजा कसा जा सके।
