नयी दिल्ली, 30 अगस्तं (वार्ता) यमन में सत्ता पर काबिज हूती विद्रोहियों ने कहा है कि देश के प्रधानमंत्री और उनकी सरकार के कई अन्य मंत्री इज़रायली हवाई हमले में मारे गए हैं।
सीएनएन ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट यह जानकारी दी। राष्ट्रपति कार्यालय ने हूती समूह संचालित टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान में कहा, “हम प्रधानमंत्री मुजाहिद अहमद ग़ालिब अल-रहावी और उनके कई साथी मंत्रियों की शहादत की घोषणा करते हैं।” हूती समूह ने शनिवार को खुलासा किया कि यह हमला गुरुवार को किया गया था।
बयान में कहा गया है कि मंत्रियों को एक बैठक के दौरान निशाना बनाया गया। यह बैठक पिछले एक साल में सरकार की गतिविधियों और प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए आयोजित की गयी थी। इज़रायल की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की गयी है, लेकिन अधिकारियों ने गुरुवार को कहा था कि सेना ने हूती नेताओं को निशाना बनाया है।
उल्लेखनीय है कि हूती विद्रोही फ़िलिस्तीनियों के साथ एकजुटता दिखाते हुए इज़रायल पर कई मिसाइलें दाग चुके हैं। हूती विद्रोही ईरान समर्थित एक गठबंधन का हिस्सा हैं जो पश्चिम एशिया में फैला हुआ है।
