पश्चिमी राजस्थान के हर खेत तक पहुंचेगा सिंधु का पानी- शेखावत

जोधपुर, 30 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि भारत के हितों को नुकसान पहुंचाने वाली सिंधु जल संधि को इस स्वरूप में कभी लागू नहीं करेंगे और भविष्य में जब सिंधु का पानी राजस्थान पहुंचेगा तो वो जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर और पाली के हर खेत तक पहुंचेगा।

श्री शेखावत शनिवार को भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र के रतकुडिया में चौधरी गुल्लाराम स्टेडियम एवं विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह में बोलते हुए यह बात कही। उन्होंने पूर्व सांसद रामनारायण डूडी के सानिध्य में चौधरी गुलाराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। अपने उद्बोधन में शेखावत ने कहा कि देश के विभाजन के समय जो छह नदियां भारत से प्रवाहित हो रही थी, उनका बंटवारा आजादी के 13 साल बाद हुआ। बंटवारे में जमीन का 80 प्रतिशत हिस्सा भारत और 20 प्रतिशत पूर्वी एवं पश्चिमी पाकिस्तान को मिला था। भारत के किसानों के भविष्य को दांव पर लगाकर तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरू ने 80 प्रतिशत पानी पाकिस्तान को देना स्वीकार किया।

श्री शेखावत ने बताया कि रावी, व्यास एवं सतलुज भारत के हिस्से में आईं और सिंधु, चिनाब एवं झेलम पाकिस्तान को दे दी गई। यह दुनिया की एकमात्र ऐसी संधि थी, जिसमें दो पक्षों के साथ कोई तीसरा पक्ष (वर्ल्ड बैंक) मौजूद था। साथ ही वर्ल्ड बैंक को परमानेंट मिडिलमैन बना दिया गया। निरंजन गुलाटी जो इस संधि को डिजाइन करने में भारत की तरफ से मध्यस्थ की भूमिका में थे, उन्होंने अपनी पुस्तक में लिखा है “ मैं जानता था कि यह भारत के खिलाफ हो रहा है। मैंने नेहरू जी से अनुरोध किया कि एक बार पुनर्विचार करना चाहिए। नेहरू जी ने कहा था कि इससे ज्यादा पानी देकर भी यदि यह समझौता हो जाता है तो मैं उसके लिए राजी हूं, क्योंकि मैं पानी देकर शांति खरीदना चाहता हूं।”

श्री शेखावत ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद श्री मोदी ने तय किया कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। उन्होंने कहा कि भविष्य में सिंधु का पानी भारत के किसान के लिए उपयोग में आएगा। जब चार गुना पानी आएगा तो पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर और पाली को लाभ होगा। उन्होंने कहा “ मैं समय की बात नहीं करता, लेकिन वर्ष 2047 में भारत जब विकसित राष्ट्र होगा, उस दिन हर खेत तक पानी पहुंचेगा। इस क्षेत्र में एक इंच जमीन भी सूखी नहीं रहेगी।”

उन्होंनेकहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। वर्ष 2014 में हम 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था थे। अब चौथे नंबर पर आ गए हैं और जल्द तीसरे नंबर पर आने वाले हैं। ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए श्री शेखावत ने कहा कि देश की सीमाएं ताकतवर हुई हैं। किसानों के बेटे ही सीमा पर जाकर देश की रक्षा करते हैं। अपने प्राण न्यौछावर करते हैं।

कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

 

 

 

Next Post

वोट चोरी के मुद्दे से देश का ध्यान बांटना चाहती है भाजपा: कांग्रेस

Sat Aug 30 , 2025
लखनऊ, 30 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बिहार में वोटर अधिकार यात्रा से डरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनाम व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल की गयी आपत्तिजनक भाषा को आधार बना कर पूरे देश का ध्यान वोट चोरी के मुद्दे से हटाना चाहती है। पार्टी ने शनिवार […]

You May Like