
खिलचीपुर। नगर में स्थित श्रीकृष्ण गौशाला एक बार फिर चर्चा में है. शुक्रवार को गौशाला में तीन गायों की मौत का मामला सामने आया है, यही नहीं मृत गौवंश की देह को कौए नोंच कर खा रहे थे.
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह जब गौसेवक गौशाला पहुंचे तो वहां तीन गाय की देह नजर आयी. एक गाय का शव कुत्ते और कौऐ नोंच रहे थे. एक अन्य गाय गौशाला मैदान में गंभीर अवस्था में तडफ़ रही थी. आंख से खून बह रहा था और पूंछ के पास पक्षियों ने बुरी तरह नोंच रखा था.
गौशाला में 400 से अधिक गौवंश
नगर में स्थित इस गौशाला के रिकार्ड अनुसार यहां 400 से अधिक गाये होना दर्ज हैै. लेकिन सीमित संसाधन, निगरानी की कमी और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से स्थिति बिगड़ती जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा पहली बार नहीं है, पूर्व में भी ऐसा मामला सामने आया है.
बीमार गौवंश को रखने वाला कमरा भी असुरक्षित
गौवंश की खराब स्थिति और सुरक्षा की कमी के चलते कई बार कुत्ते गौशाला में प्रवेश कर बीमार गौवंश तक जा पहुंचते है. अब गौशाला के संचालन पर भी सवाल उठने लगे है. प्रशासन की और से अब नोटिस जारी करने तथा समिति भंग करने तक का कदम उठाने के संकेत मिले है.
जानकारी के अनुसार अनेक बार बीमार गौवंश के पास तक कुत्त जा पहुंचकर नुकसान पहुंचाते है. उपचार के दौरान रखे गए गौवंश तक कुत्ते पहुंच जाते है. बीमार गौवंश के लिए बनाया गया पिंजरानुमा कमरा भी सुरक्षित नहीं है. पशु चिकित्सक डॉ. शाक्य का कहना है कि दो दिन पहले भी एक गाय को कुत्ते नोच चुके थे. उनके द्वारा कई बार इसको लेकर अवगत कराया गया किंतु कोई सुधार नहीं आया है.
नोटिस की तैयारी
बताया जाता है कि गौशाला की व्यवस्थाएं खराब है और पशु विभाग व शासन की गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है. अब गौशाला प्रबंधन को नोटिस जारी किए जाने की तैयारी की जा रही है. उच्च अधिकारियों से चर्चा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. व्यवस्था नहीं सुधरती है तो गौशाला संचालन समिति को भंग तक करने की कार्रवाई प्रस्तावित की जा सकती है. इस संबंध में गौशाला अध्यक्ष दिनेश कुमार पंचौली का कहना है कि गौशाला में बाहर से लाकर छोड़े गये बीमार गौवंश की मौत हुई है.
