जबलपुर:पनागर थाना अंतर्गत इमलई स्थित जूपिटर बैगन्स लिमिटेड कंपनी में एक हेल्पर की जिंदगी से खिलवाड़ किया गया। कंपनी के जिम्मेदारों ने चंद पैसों के फायदे के लिए बिना किसी ट्रेनिंग और सुरक्षा उपकरणों के, हेल्पर से जबरनभारी-भरकम हक बोल्ट हैवी मशीन चलवाई जा रही थी, जिसके संचालन के दौरान मशीन की चपेट में आने से हेल्पर घायल हो गया था। हादसा पिछले साल हुआ था। मामले की लंबी जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने अब प्रोप्राइटर, कान्ट्रेक्टर, ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक पनागर के ग्राम देवरी का रहने वाला 34 वर्षीय संतोष कुशवाहा जूपिटर बैगन्स लिमिटेड कंपनी में बतौर हेल्पर का काम करता था उसे भारी मशीनें चलाने का कोई तजुर्बा नहीं था। इसके बावजूद, 2 दिसंबर 2025 की दोपहर करीब 2 बजे कंपनी के जिम्मेदारोंं ने लापरवाहीपूर्वक उससे हक बोल्ट मशीन का संचालन शुरू करवा दिया था। जिसके चलते हादसा हुआ और सीधे संतोष की आँख में गंभीर चोट आ गई थी। लहूलुहान हालत में एम्बुलेंस ड्राइवर आकाश पटेल ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था।
जांच में लापरवाही उजागर, इन 3 पर प्रकरण दर्ज
पुलिस ने मामले की लंबी जांच पड़ताल की । जूपिटर बैगन्स लिमिटेड इमलई से जानकारी जुटाई, पीडि़त संतोष कुशवाहा के इलाज के दस्तावेज जब्त किए और गवाहों के बयान दर्ज किए। पूरी जांच में यह साफ पाया गया कि इन कंपनी के जिम्मेदारों ने हेल्पर की जान की परवाह न करते हुए घोर उपेक्षापूर्ण और लापरवाही भरा आचरण किया था। इसके बाद पुलिस ने अब प्रोप्राइटर हेमन्त कुमार सोनी, पेटी कान्ट्रेक्टर बिसन सिंह, ठेकेदार सचिन मिश्रा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
