
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ कांग्रेस नेताओं की कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश भर में विरोध दर्ज कराएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल के निर्देश पर 31 अगस्त और 1 सितंबर को सभी जिलों में कांग्रेस कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किए जाएंगे। भाजपा ने तय किया है कि इन प्रदर्शनों का नेतृत्व महिला मोर्चा की नेत्रियां करेंगी। इसी क्रम में 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला मोर्चा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में बहनें जुटकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ नारेबाजी करेंगी। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस से प्रधानमंत्री और उनकी माता के खिलाफ कही गई अपमानजनक बातें वापस लेने तथा राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग करेंगे। जिलों के आधार पर कुछ स्थानों पर प्रदर्शन 31 अगस्त को और शेष जगहों पर 1 सितंबर को होंगे।
