इटारसी। शहर को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा पॉलीथिन मुक्त अभियान लगातार जारी है। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ऋतु मेहरा के निर्देशन में राजस्व, स्वास्थ्य और अतिक्रमण विरोधी अमले ने पुरानी इटारसी स्थित सूखा सरोवर सब्जी बाजार में विशेष कार्रवाई की।
अभियान के तहत दोपहर एक बजे से नगर पालिका का अमला सब्जी बाजार में मौजूद रहा। इस दौरान दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और पॉलीथिन का उपयोग बंद करने की समझाइश दी गई। कई दुकानदारों के पास से पॉलीथिन जब्त की गई और उन्हें भविष्य में इसका उपयोग न करने की चेतावनी दी गई।
नगर पालिका के प्रयास में अनेक दुकानदारों ने भी सहयोग जताया। उन्होंने पॉलीथिन मुक्त शहर बनाने के संकल्प का समर्थन किया और ग्राहकों को पॉलीथिन में सब्जी न देने का आश्वासन दिया।
