
भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा शुक्रवार को भोपाल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा स्वयंसेवकों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सहभागिता करते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच मिठाई वितरित की तथा राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं तथा देश के युवाओं और आम नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहे हैं।
पटवारी ने कहा कि जनसेवा कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है और इसी भावना के साथ राहुल गांधी का जन्मदिवस सेवा एवं समर्पण दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी, डॉ. विक्रम चौधरी, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला, चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र धाकड़ तथा युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित खत्री सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिविर के साथ आयोजित रक्तदान अभियान में कांग्रेस प्रवक्ता शहरयार खान ने रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों और महिलाओं के न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं तथा कांग्रेस कार्यकर्ता इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाना और राहुल गांधी के जन्मदिवस को सार्थक रूप से मनाना है।
डॉ. देवेंद्र धाकड़ ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रकोष्ठ भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने जनसेवा के संकल्प को दोहराया।
