धान खरीदी केंद्र पर ताला लटका देख भडक़े किसान

सतना : स्लॉट बुक होने के बावजूद भी कार्य दिवस पर धानइ खरीदी केंद्र पर ताला लटका देख किसान आक्रोशित हो गए. देखते ही देखते किसानों ने सुंदरा-सेमरिया राज्य मार्ग को बाधित करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. चार घंटे लंबी चली समझाइस और ताला खुलने के बाद किसानों का आक्रोशित किसी तरह कम हो सका.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रक्सेलवा के निकट मुख्य मार्ग पर अक्षत इंडस्ट्रीज नामक वेयरहाउस स्थित है.

इसी प्रतिष्ठान में सेवा सहकारी समिति झाली का धान खरीदी केंद्र भी बनाया गया है. हर रोज की तरह सोमवार के लिए भी क्षेत्र के कई किसानों के स्लॉट पहले से बुक थे. जिसके अनुसार किसानों को खरीदी केंद्र में पहुंचकर अपनी-अपनी धान की तौल करानी थी. लेकिन अल सुबह से धान खरीदी केंद्र के सामने पहुंचकर इंतजार कर रहे किसान यह देखकर परेशान होने लगे की समय हो जाने के बावजूद भी ताला क्यों नहीं खुल रहा है.

काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद भी जब धान खरीदी केंद्र का ताला नहीं खुला तो किसानों का धैर्य जवाब देने लगा. लिहाजा कोई सुनवाई होती न देख किसान लामबंद होकर कोठी-सिंहपुर मुख्यमार्ग पर बैठ गए. दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टर ट्राली लेकर मुख्य मार्ग पर जमा हुए किसानों ने मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया और विरोध प्रदर्शन करने लगे. घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी कोठी व प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए.

इसी कड़ी में नागरिक आपूर्ति निगम और वेयरहाउस कारपोरेशन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और किसानों से चर्चा शुरु की. लगभग 4 घंटे तक चली लंबी समझाइस के बाद किसानों के गुस्से को किसी तरह शांत किया गया. जिसके बाद शाम के लगभग 4 बजे खरीदी केंद्र का ताला खुलवाया गया और खरीदी केंद्र का संचालन शुरु किया गया.
संचालक को चेतावनी
पूछताछ किए जाने पर अधिकारियों के सामने यह जानकारी आईं कि वेयर हाउस संचालक के घर में गमी हो गई है और सोमवार को उनके यहां तेरवहीं का अयोजन था. जिसके चलते वेयर हाउस को बंद रखा गया था. लिहाजा अधिकारियों द्वारा सहानुभूति दिखाते हुए पंचनामा तो नहीं बनाया गया. लेकिन वेयर हाउस संचालक को इस बात की स्पष्ट चेतावनी जरुर दे दी गई कि यदि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई गई तो प्रकरण दर्ज कराते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

कृति खरबंदा ने पति पुलकित सम्राट को जन्मदिन पर खूबसूरत तस्वीरों के साथ दी खास बधाई

Tue Dec 30 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्रीकृति खरबंदा ने आज ( 29 दिसंबर,) को अपने पति पुलकित सम्राट को खास तरीके से बधाई दी है। कृति खरबंदा नेपुलकित सम्राट का जन्मदिन बेहद खास अंदाज़ में मनाते हुए सोशल मीडिया पर उनदोनों की कुछ अनदेखी और खूबसूरत तस्वीरें साझा की हैं, जिनसे उनके फैंस […]

You May Like

मनोरंजन