
देवसर । स्थानीय कॉलेज देवसर में जिला स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की महिला खिलाड़ि़यों ने सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वामित्र पाठक विधायक सिहावल विधानसभा क्षेत्र मौजूद रहे। साथ ही रमापति साहू, मंडल अध्यक्ष जियावन एवं सौरभ द्विवेदी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, देवसर की उपस्थिति रही। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेलों का भी विद्यार्थी जीवन में विशेष महत्व है। प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों के पश्चात शास. अग्रणी महावि. बैढ़न की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मेजबान शासकीय महाविद्यालय देवसर की टीम उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, निर्णायकगण, खेल प्रशिक्षक, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महावि. के प्राचार्य के मार्गदर्शन आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
