नर्मदापुरम। पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रशांत खरे ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और पुलिस लाइन, नर्मदापुरम का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, संसाधनों और व्यवस्थाओं का गहन अध्ययन किया।
डीआईजी खरे ने एसपी कार्यालय की प्रशासनिक शाखा, महिला हेल्प डेस्क, शिकायत प्रकोष्ठ, रिकॉर्ड शाखा और रिसेप्शन का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों की स्थिति, अनुशासन और पारदर्शिता की सराहना की। साथ ही शिकायतों के त्वरित निराकरण और साफ-सफाई को भी सराहा।
पुलिस लाइन में डीआईजी ने आम्र्स शाखा, स्टोर शाखा, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड (BDDS), मोटर ट्रांसपोर्ट (MT) शाखा, पुलिस कैंटीन, दिशा लर्निंग सेंटर और जिम का निरीक्षण किया। उन्होंने संसाधनों के बेहतर रखरखाव और तकनीकी सुधारों पर बल देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।
निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अनुशासन, पारदर्शिता और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस लाइन की सुविधाओं में सुरक्षित और आधुनिक वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्र, रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
