
रीवा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज विंध्य के एक दिवसीय प्रवास पर हैं. भोपाल से साढ़े 11 बजे रीवा एयरपोर्ट पहुंचे. इसके बाद 11.35 बजे हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर 12 बजे जवा तहसील के दिव्यगवां पहुंचें. जहां रीवा में करीब 1 घंटे तक रहकर उन्होंने विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जिसके बाद दोपहर करीब 1 बजकर 35 मिनट पर सीधी के लिए प्रस्थान कर गए.
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने 47 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपए के 5 कार्यों का लोकार्पण और 2 करोड़ 75 लाख 29 हजार रुपए के दो कार्यों का शिलान्यास किया. इसके अलावा सीएम ने बैकुंठपुर में नया महाविद्यालय बनाने और जवा को नगर परिषद बनाने की घोषणा की. उन्होंने मंच से रीवा में सांदीपनी स्कूल बनाने की घोषणा भी की. जवा में कई गांवों को जोडक़र नगर पंचायत बनाने और खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए स्टॉप डेम बनाने की घोषणा भी की. प्रदेश में दूध का उत्पादन अभी 9 प्रतिशत हैं, जिसे 20 प्रतिशत तक करना है. घर-घर से दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है. इसके अलावा राम वन पथ गमन में जहां-जहां भगवान राम के चरण पड़े हैं. उन स्थानों को तीर्थ बनाएंगे.
50 करोड़ से अधिक के निर्माण कार्य का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने दिव्यगवां में रीवा जिले को 50 करोड़ 73 लाख 79 हजार रुपए के निर्माण कार्यों की सौगात दी. मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा 6 करोड़ 17 लाख 82 हजार रुपए की लागत से बनाए गए शासकीय भगवान बिरसा मुण्डा महाविद्यालय भवन दिव्यगवां का लोकार्पण किया. 93 लाख 50 हजार रुपए की लागत से बनाए गए भगवान बिरसा मुण्डा सामुदायिक भवन और विधानसभा क्षेत्र मनगवां में राष्ट्रीय राजमार्ग से तिवनी जंक्शन पर बनाए गए. सिक्स लेन ओवर ब्रिज का भी लोकार्पण किया, जिसकी लागत 14 करोड़ 85 लाख रुपए है. समारोह में सीएम ने 18 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से बनाए गए सिरमौर-क्योटी नवीन सडक़ और जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बनाए गए 501 खेत तालाबों का लोकार्पण किया. इनकी लागत 7 करोड़ 50 लाख रुपए है. मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दो निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया. इनमें लोक निर्माण विभाग द्वारा एक करोड़ 39 लाख 29 हजार रुपए की लागत के हाईस्कूल भवन अतरैला और 1 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे एसडीएम कार्यालय जवा का निर्माण कार्य शामिल है. साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले में 5 एकड़ में प्रस्तावित मुनगा के वृक्षारोपण का भी भूमिपूजन किया.
