शेयर मार्केट में लौटी रौनक, सेंसेक्स ने लगाई 800 अंकों की छलांग, निफ्टी भी 23200 के पार

भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 790.56 अंक या 1.07% बढ़कर 74,997.80 अंक पर आ गया।

कल की भारी गिरावट के बाद आज 20 मार्च को शेयर बाजार में फिर से तेजी लौटती दिख रही है। शुक्रवार सुबह करीब 9:18 बजे BSE Sensex 880 अंकों (1.19%) की उछाल के साथ 75,087 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि Nifty 50 भी 269 अंक (1.17%) चढ़कर 23,271 के पार निकल गया। प्री-ओपनिंग सेशन से ही बाजार में मजबूती के संकेत मिल रहे थे, जिससे निवेशकों को राहत मिली है।

12 लाख करोड़ के नुकसान के बाद रिकवरी
गौरतलब है कि गुरुवार 19 मार्च को बाजार में भारी गिरावट देखी गई थी। सेंसेक्स करीब 2,497 अंक तक टूट गया था। ईरान-इज़राइल तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण निवेशकों को एक ही दिन में लगभग 12 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। हालांकि, आज बाजार ने मजबूत वापसी की है। निचले स्तरों पर निवेशकों की खरीदारी और दिग्गज शेयरों में आई तेजी ने बाजार का मूड फिर से पॉजिटिव कर दिया है।

कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट
हालांकि, प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले शिपिंग मार्गों को सुरक्षित करने और सप्लाई बढ़ाने की कोशिशों के बाद कच्चे तेल की कीमतें 119 डॉलर से गिरकर करीब 105 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं। इससे वैश्विक बाजारों को कुछ राहत मिली और स्थिरता लौटती दिखी। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा, जबकि अमेरिकी बाजार निचले स्तर से उबरने के बावजूद कमजोर बंद हुए, क्योंकि निवेशक महंगी ऊर्जा के बीच बढ़ती महंगाई के जोखिम का आकलन कर रहे हैं।

आईटी सेक्टर ने दिखाई मजबूती
घरेलू बाजार में आईटी सेक्टर ने मजबूती दिखाई। Tech Mahindra में 2.7% से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई, जबकि Infosys और HCL Technologies में करीब 2–2.5% की बढ़त रही। इसके अलावा Tata Steel, JSW Steel और Larsen & Toubro जैसे चक्रीय शेयरों में भी तेजी देखी गई, जो व्यापक खरीदारी का संकेत देती है।

वहीं, पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद बैंकिंग शेयरों में भी सुधार नजर आया। State Bank of India और ICICI Bank में 1.5–2% से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। साथ ही निफ्टी बैंक इंडेक्स में भी 1% से अधिक की तेजी देखने को मिली, जो बैंकिंग सेक्टर में रिकवरी के संकेत दे रही है।

Next Post

मदद का इंतजार करती रह गई जिंदगी, बैठे-बैठे थम गई महिला की सांसें

Fri Mar 20 , 2026
इंदौर: तिलक नगर की ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में हुए भीषण अग्निकांड में हालात बुधवार को कितने भयावह हो गए थे, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता हैं कि गुरुवार को जब जांच दल वहां पहुंचा तो पूरा मंजर जैसे आंखों के सामने घुम रहा हो. यहां पुगलिया परिवार […]

You May Like

मनोरंजन