मदद का इंतजार करती रह गई जिंदगी, बैठे-बैठे थम गई महिला की सांसें

इंदौर: तिलक नगर की ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में हुए भीषण अग्निकांड में हालात बुधवार को कितने भयावह हो गए थे, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता हैं कि गुरुवार को जब जांच दल वहां पहुंचा तो पूरा मंजर जैसे आंखों के सामने घुम रहा हो. यहां पुगलिया परिवार की एक महिला मदद का इंतजार करते हुए बैठे-बैठे ही दम तोड़ गई थी. आग की लपटों, घने धुएं और बंद गेट के बीच फंसे एक ही परिवार के आठ लोगों की कुछ ही मिनटों में सांसें थम गई थीं, और जैसे पूरा घर श्मशान में तब्दील हो गया था.

यहां से एक साथ आठ लोगों के शव निकाले गए, वहीं चार घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. बुधवार को हुए इस घटना में आग और धुएं ने मिलकर पूरे मकान को कुछ ही मिनटों में खतरनाक स्थिति में बदल दिया था. घर का मुख्य दरवाजा लपटों की जद में आ जाने से बाहर निकलने का रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था, वहीं अंदर तेजी से फैलते धुएं ने हालात और गंभीर कर दिए थे.
लकड़ी और प्लायवुड से साज-सज्जा
जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि मकान के भीतर बड़े पैमाने पर लकड़ी और प्लायवुड से साज-सज्जा की गई थी. यही कारण रहा कि आग ने तेजी से पूरी संरचना को अपनी चपेट में ले लिया. इसके अलावा घर में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ और केमिकल ने आग की तीव्रता को और बढ़ा दिया था. जिससे बाहर खड़े दोपहिया वाहन भी पूरी तरह जल गए थे. वहीं राहत कार्य के दौरान जो स्थिति सामने आई, उससे अंदाजा लगा कि परिवार के सदस्य बचने के लिए ऊपर की ओर भागे थे. सीढ़ियों के पास शव मिलने से संकेत मिला कि वे छत तक पहुंचने की कोशिश में थे, लेकिन रास्ते में लगा गेट बंद होने से बाहर नहीं निकल सके.
घुटना भरा हो गया था माहौल
घटना से जीवित बचे लोगों के बयान भी इस त्रासदी की भयावहता को बयां करते हैं. परिजनों का कहना हैं कि आग लगते ही पूरे घर में घुटन भरा माहौल हो गया था. ऐसे में परिवार के एक सदस्य ने हिम्मत दिखाते हुए बाकी लोगों को सतर्क किया और बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन हालात काबू से बाहर हो चुके थे. यह भी बताया कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस दौरान परिवार की एक बहू घर पर मौजूद नहीं थी, जिससे उसकी जान बच गई.

Next Post

बेहद धीमी गति से चल रहा रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का कार्य

Fri Mar 20 , 2026
इंदौर: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 400 करोड़ रुपए की लागत से इंदौर के प्रमुख रेलवे स्टेशन (इंदौर जंक्शन) का कायाकल्प किया जा रहा है, जिसे एयरपोर्ट की तरह 7 मंजिला इमारत के रूप में विकसित किया जाना है. लेकिन स्टेशन के पुनर्विकास के इस कार्य में देरी […]

You May Like

मनोरंजन