होली पर जिला अस्पताल में मरीजों की बाढ़, आपातकालीन विभाग में 210 मामले

नोएडा 05 मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में होली के त्योहार के दौरान मरीजों की संख्या में अचानक भारी वृद्धि देखने को मिली। होली के दिन अस्पताल के आपातकाली विभाग में मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे दिन डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को लगातार बढ़ते मरीजों का उपचार करना पड़ा।

अस्पताल प्रशासन ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि बुधवार को होली के दिन आपातकालीन विभाग में कुल दो सौ दस मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें सबसे अधिक मामले कुत्तों के काटने , सड़क दुर्घटनाओं और मेडिको-लीगल मामले के रहे। त्योहार के दौरान सड़कों पर बढ़ी आवाजाही, तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाओं के मामलों में भी इजाफा देखा गया।

त्योहार के चलते कई लोग रंग खेलते समय चोटिल हो गए, वहीं कुछ लोग सड़क हादसों और अन्य घटनाओं में घायल होकर अस्पताल पहुंचे। लगातार मरीजों के आने से इमरजेंसी विभाग में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को काफी व्यस्त रहना पड़ा।

होली के अगले दिन आज जब अस्पताल की ओपीडी सामान्य रूप से शुरू हुई तो वहां भी मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही पर्ची काउंटर और विभिन्न विभागों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं।

होली वाले दिन एवं आज करीब साढ़े तीन हजार मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सामान्य बुखार, त्वचा संबंधी समस्याएं, आंखों में जलन, एलर्जी, चोट और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल थे।

मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच अस्पताल में सर्जिकल सेवाएं भी जारी रहीं। डॉक्टरों की टीम ने दिनभर में आठ सिजेरियन ऑपरेशन और सात आंखों के ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए। इसके अलावा कई अन्य मरीजों को भर्ती कर उनका उपचार किया गया।

त्योहार के कारण अचानक बढ़े मरीजों के दबाव के बावजूद डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ सेवाएं दीं। सभी मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की कोशिश की गई।

अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी त्योहारों के दौरान ऐसी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाती हैं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

Next Post

भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने गुरुवार को रद्द की 281 उड़ानें

Thu Mar 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 मार्च (वार्ता) भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के मद्देनजर गुरुवार को 281 उड़ानें रद्द कीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने आज बताया कि 05 मार्च को घरेलू विमान सेवा कंपनियों ने ईरान युद्ध के कारण 281 उड़ानें रद्द रखीं। मंत्रालय ने कहा है […]

You May Like