नगर निगम की सामान्य सभा बैठक : दूसरे दिन भी चला हंगामे, आरोप-प्रत्यारोप का दौर

जबलपुर। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक के दूसरे दिन भी सदन में नारेबाजी, विरोध प्रदर्शन, आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। विपक्ष के पार्षदों ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा व्यवस्था के फेल होने और बदहाल सड़कों के मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की वहीं सत्ता पक्ष के पार्षद अपने-अपने इलाके में किए गए तमाम विकास कार्यों का बखान करते नजर आए।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस पार्षद मुखीमा अंसारी अपने वार्ड की बदहाल सड़कों के बारे में चर्चा कर रहीं थीं तभी इसी पर एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने कह दिया कि किसी पार्षद का सड़कों की वजह से पैर टूट जाएगा तो नगर निगम उसे वैशाखी उपलब्ध कराएगा। इस बयान के बाद बैठक में मौजूद कांग्रेस पार्षद आक्रोशित हो गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। जिससे सदन बैठक का माहौल गरमा गया। नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने इस बयान को अशोभनीय बताते हुए संसदीय परंपराओं के खिलाफ बताया।

पहले दिन ये प्रस्ताव हुए थे पारित

विदित हो कि साधारण सभा की बैठक के पहले दिन नीमच में सोलर प्लांट लगाना, बर्फानी का ठेका निरस्त करने का प्रस्ताव, थोक आलू-प्याज व्यवसाईयों द्वारा प्रीमियम राशि जमा न करने वाले लेमा गार्डन में आवंटित किए गए भू-खंड निरस्त करना, पूर्वी निवाड़गंज, भंवरताल एक्सटेंशन के लीज नवीनीकरण के प्रस्तावों को मंजूरी, महापुरूषों के नाम सड़कों के नामकरण के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया था।

कुछ इस तरह लगाए आरोप

बैठक के दौरान विपक्ष ने आरोप लगाकर कहा कि पुराने कार्यों को सत्ता पक्ष नए वित्तीय वर्ष की उपलब्धियों में जोड़कर गिनाते हुए जनता को गुमराह कर रहा है। इस दौरान नव निर्मित फ्लाई ओवर ब्रिज के नीचे चल रहे कामों को लेकर भी विपक्ष के पार्षदों ने आवाज बुलंद की।

आश्वासन का असर दिखेगा सोमवार को: नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने नवभारत को बताया कि सदन बैठक के दूसरे दिन पार्षद मद के रूके हुए विकास कार्य, डोर टू डोर कचरा की बदहाल व्यवस्था, जर्जर सड़कों, नगर निगम के 16 जोनों में टैक्स के लिए परेशान हो रही जनता के विषय पर चर्चा की गई। जिस पर सत्ता पक्ष व नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने विपक्ष के पार्षदों को आश्वासन दिया कि पार्षद मद के रूके हुए विकास कार्यों को लेकर सेामवार को बैठक आयोजित कर निराकरण कराया जाएगा और साथ ही मंगलवार को ठेकेदारों को तलब कर समस्या का समाधान किया जाएगा।

इनका कहना है–

नगर निगम की साधारण सभा बैठक पर अब विराम लग गया है। बैठक के दूसरे दिन सभी पार्षदों की अपने-अपने वार्ड की समस्या को सुना गया और उनके निराकरण का आश्वासन दिया गया। मुख्य रूप से पार्षद मद से रूके हुए विकास कार्यों पर सोमवार, मंगलवार तक फैसला ले लिया जाएगा कि इस मद के कार्यां को समय-सीमा पर पूरा कर लिया जाए। बैठक में सिर्फ लीज के दो प्रकरणों को विधि अधिमत के लिए भेजा गया है बाकी 8 प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया है।

— रिंकू विज, नगर निगम अध्यक्ष।

Next Post

बीएचईएल में राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि

Fri Aug 29 , 2025
भोपाल: बीएचईएल, भोपाल के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आज हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विपुल अग्रवाल, महाप्रबंधक (एमएम) एवं अध्यक्ष, भेल खेल प्राधिकरण सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण […]

You May Like