इंदौर: जिला जेल में सोमवार को एक बंदी ने हंगामा करते हुए प्रहरी पर हमला कर दिया. वह दूसरे वार्ड में जाने की जिद पर अड़ा था। रोकने पर उसने न केवल बहस की, बल्कि हाथापाई करते हुए प्रहरी को घायल कर दिया, मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.संयोगितागंज थाना प्रभारी सतीश पटेल ने बताया कि जेल प्रहरी दिनेश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बंदी अनस उर्फ मंजरा पिता असगर, निवासी हबीब कॉलोनी, वार्ड क्रमांक–5, वार्ड–6 में जाने पर अड़ा था.
नियमों के मुताबिक कैदी अपने निर्धारित वार्ड से बाहर नहीं जा सकते, इसके बावजूद अनस जबरदस्ती अंदर घुस गया. प्रहरी ने उसे रोका तो उसने हमला कर दिया. झूमाझटकी में प्रहरी की वर्दी फट गई और हाथ-पैर में चोट आई। मौके पर मौजूद अन्य जेलकर्मियों ने स्थिति को संभालते हुए आरोपी बंदी को काबू में किया और जेलर को सूचना दी. घटना की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ सरकारी काम में बाधा व मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है.
बताया जा रहा है कि अनस पहले भी उप जेलर पर ईंट फेंककर हमला कर चुका है. उस समय उसकी जमकर पिटाई हुई थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. अनस पर पहले से ही लूट, अवैध वसूली और हथियार रखने सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. करीब छह माह पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इससे पहले वह पुलिस को चकमा देकर फरार भी हो चुका है. शहर के अलग-अलग थानों में उस पर कई मामले दर्ज हैं. मामले में पुलिस जांच कर रही है.
