रंगों का मस्ती भरा त्योहार उत्साह से मनाया, पुलिस को दिया धन्यवाद

सुरक्षा व्यवस्था में 250 जवानों की थी तैनाती
सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से रखी गई नजर
इंदौर:महू में होली और धुलेंडी के बाद रंगपंचमी का पर्व भी शहर में हर्षोल्लास और शांति के साथ मनाया गया. पुलिस की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच नागरिकों ने जमकर रंग-गुलाल उड़ाया और परंपरागत गेर उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया. पुलिस द्वारा लगातार निगरानी किए जाने के कारण महू के रहवासियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को धन्यवाद दिया और उनके प्रयासों की सराहना की.

रंगपंचमी और होली का त्योहार नगरवासी शांतिपूर्ण ढंग से मना सकें, इसके लिए प्रशासन और पुलिस ने करीब पंद्रह दिन पहले से रणनीति तैयार कर आवश्यक तैयारियां कर ली थीं. एएसपी रूपेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि एसपी ग्रामीण हितिका वासल समेत अन्य अधिकारियों ने लगातार दोनों समुदायों के वरिष्ठजनों से संवाद किया और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कीं. पुलिस के इन सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि धुलेंडी और रंगपंचमी दोनों त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए. साथ ही, धुलेंडी के दिन रमज़ान माह के शुक्रवार की नमाज भी निर्विघ्न रूप से अदा की गई.

एएसपी द्विवेदी ने बताया कि रंगपंचमी के अवसर पर महू के लगभग सभी इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. सुरक्षा के मद्देनजर 250 पुलिस जवानों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा. वहीं, दोनों परंपरागत गेर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. इसके अलावा, सादी वर्दी में भी महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. होली-धुलेंडी की तरह रंगपंचमी पर भी एसपी हितिका वासल और एएसपी रुपेश कुमार द्विवेदी के निर्देशन में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के जरिए असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर पैनी नजर रखी गई.

इसके अलावा, त्योहारों से पहले ही गुंडे-बदमाशों पर कार्रवाई की गई, जिससे त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं रही. नतीजतन, लोगों ने उल्लास और उमंग के साथ त्योहार का आनंद लिया और किसी भी प्रकार का विवाद सामने नहीं आया. महू के नागरिकों ने पुलिस के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उन्हें धन्यवाद दिया. रहवासियों का कहना था कि पुलिस की सक्रियता के कारण ही वे निर्भीक होकर सुरक्षा के बीच उत्साहपूर्वक त्योहार मना सके. पुलिस प्रशासन ने भी नागरिकों से इसी तरह सामंजस्य बनाए रखने और शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की

Next Post

खजराना पुलिस ने एमडी ड्रग्स तस्करी करने वाले दो आरोपी किए गिरफ्तार

Thu Mar 20 , 2025
इंदौर:खजराना पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है.पुलिस उपायुक्त जोन 02 अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि खजराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. […]

You May Like

मनोरंजन