ग्वालियर: महलगाँव पहाड़ी फेज़-1की पीएम आवास मल्टी में सभी कर्मचारियों ने आज सुबह से हड़ताल कर दी है। उनके द्वारा गेट बंद कर दिया गया। किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। उनकी समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है।यहाँ कार्य करने वाले कर्मचारियों को पिछले 6 महीनों से वेतन नहीं मिला है। वेतन पाने के लिए ये कर्मचारी कई बार नगर निगम के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक इनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे लोग दिन-रात मेहनत करके अपने परिवार का पेट पालते हैं, वे पिछले 6 महीनों से बिना वेतन के अपना और अपने परिवार का गुज़ारा कर रहे हैं। इनके घरों में राशन, बच्चों की ज़रूरतें और रोज़मर्रा के खर्च पूरे नहीं हो रहे हैं। यह पीड़ा शायद वही समझ सकते हैं जो इस परिस्थिति से गुज़र रहे हैं। मजबूर होकर ये सभी कर्मचारी पीएम आवास, महलगाँव पहाड़ी फेज़-1 के गेट पर हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आखिर कब तक हम लोग अपनी मेहनत की कमाई के लिए दर-दर भटकते रहेंगे?
उन्होंने कहा कि हम कोई खैरात नहीं माँग रहे, ये अपनी 6 महीने की मेहनत का हक़ माँग रहे हैं। उनकी बस इतनी-सी माँग है कि उन्हें उनका बकाया वेतन जल्द से जल्द दिया जाए, ताकि वे सम्मान के साथ अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।
